सक्ती, नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय, सक्ती में शैक्षणिक सत्र की प्रथम जनभागीदारी समिति की बैठक 21 अगस्त को अध्यक्ष रामनरेश यादव की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक के दौरान महाविद्यालय के विकास, छात्राओं की सुविधाओं और परिसर के सौंदर्यीकरण को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर सहमति जताई गई।
बैठक में छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे कॉलेज परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, छात्राओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए बीएससी बायो (B.Sc. Bio) की सीटों में वृद्धि करने तथा महाविद्यालय के कर्मचारियों के वेतन संबंधी मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के समापन के पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत महाविद्यालय प्रांगण में पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रामनरेश यादव, प्राचार्य विजय देवांगन, सांसद प्रतिनिधि रंजन सिन्हा, एल्डरमेन सुमित शर्मा, आदित्य अग्रवाल, जगमोहन राठौर, महेंद्र यादव, रवि पटेल, श्रीमती सुशीला गबेल, आशुतोष तिवारी, टी. आर. जायसवाल एवं रामराज चौहान सहित समिति के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





