सक्ती , आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी में चिल्ड्रन्स फन फेयर (आनंद मेला) का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आयुष शर्मा ने मां सरस्वती, चाचा नेहरू एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ें। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यहां के बच्चे काफी प्रतिभावान नजर आ रहे हैं। बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों एवं विभिन्न व्यंजनों के आकर्षक फूड स्टॉल की उन्होंने विशेष प्रशंसा की। साथ ही विद्यालय की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की तारीफ करते हुए प्राचार्य श्री दिनेश कुमार साहू के प्रयासों की सराहना की।
आनंद मेले में बच्चों द्वारा मोमोज, मैगी, मटर चाट, इडली, भेल, वेज पकौड़ा, आइसक्रीम, सैंडविच, पॉपकॉर्न सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। बच्चों ने न केवल व्यंजनों के स्टॉल लगाए, बल्कि अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं प्रबंधन क्षमता का भी शानदार परिचय दिया। सभी अभिभावकों एवं अतिथियों ने इन स्टॉलों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार साहू के पिता श्री दया राम साहू एवं उनकी पत्नी श्रीमती गोमती साहू का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित मिडिल स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और आनंद मेले ने सभी के लिए यादगार पल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार साहू ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अभिभावकों, आसपास के गांवों से पधारे सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
आदर्श पब्लिक स्कूल किरारी का यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।




