छत्तीसगढ़सक्तीसामाजिक

सक्ती में एचपीवी वैक्सीन अभियान का किया गया शुभारंभ, दो बालिकाओं को टीका लगाकर हुई शुरुआत।       

    सक्ती,/ जिला प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में 16 मार्च को मातृ एवं शिशु अस्पताल, सक्ती में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल तथा कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो की उपस्थिति में दो बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर किया गया। टीकाकरण के पश्चात दोनों बालिकाओं को टीकाकरण प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सक्ती अध्यक्ष श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एचपीवी टीकाकरण एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। कलेक्टर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को निर्धारित आयु में यह टीका अवश्य लगवाएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा तथा जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एचपीवी वायरस से होने वाला संक्रमण आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बनता है, इसलिए बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय तथा टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी भी दी। साथ ही बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्कूलों के माध्यम से इस टीकाकरण अभियान का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. संतोष पटेल, बीएमओ डॉ. सुरज सिंह राठौर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुदर्शन भारद्वाज, डीपीएम सुश्री कीर्ति बड़ा, बीपीएम श्रीमती अर्चना तिवारी, बीसीसीएम श्री आफताब आलम, मुख्य लिपिक श्री श्याम लाल यादव, जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान भारत श्री सलमान खान, बीईईओ श्री तारासिंह कंवर, पर्यवेक्षक श्रीमती हेमलता महार, जिला कार्यक्रम समन्वयक टी.बी. श्री विनोद राठौर, प्रभारी स्टोर श्री सकवरन साहू, फार्मासिस्ट श्री गंगा प्रसाद रतलाकर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button