सक्ती अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश प्रभारी ईश्वर प्रसाद अग्रवाल की अनुशंसा पर संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल ने प्रदेश में संगठन विस्तार एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, सक्ती के जिलाध्यक्ष पद पर मुकेश बंसल तथा जिला महामंत्री पद पर प्रकाश अग्रवाल (ट्राली) की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों की घोषणा होते ही सक्ती शहर सहित जिले के अग्रवाल समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन के प्रति उनके समर्पण और सक्रियता की सराहना की। समाज के लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पदाधिकारी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम :-
बताया गया कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने, युवा शक्ति को जोड़ने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अनुभवी एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्वों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाजहित के कार्यों को मिलेगी नई गति :-
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मुकेश बंसल ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, युवा सहभागिता, शिक्षा, सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा संगठन को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। सक्ती शहर के अग्रवाल समाज के बंधुओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। समाज के लोगों ने प्रदेश प्रभारी ईश्वर प्रसाद अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग्य एवं सक्रिय व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है।






