छत्तीसगढ़सक्तीसमाजिक

सक्ती में ‘अधिकारी राज’: ग्राम खूटादहरा स्थित सहकारिता कार्यालय पहुंचने पर भी नहीं मिल रहे जिम्मेदार,

नए जिले के गठन से जगी थी उम्मीदें, जमीनी हकीकत में फरियादियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

दूरदराज के कार्यालय में चक्कर काटने के बाद भी दफ्तर से नदारद रहते हैं अधिकारी, फोन रिसीव न करने की भी शिकायत

सक्ती,-जिले में प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता की समस्याओं के निराकरण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। सहकारिता विभाग के कार्यालय के ग्राम खूटादहरा में संचालित होने से जहां पहले ही ग्रामीणों और आम नागरिकों की पहुंच कठिन बनी हुई है, वहीं अब वहां पदस्थ अधिकारियों की अनुपस्थिति और कथित लापरवाही ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जिले में ‘अधिकारी राज’ हावी हो गया है और जिम्मेदार अधिकारियों पर जिला प्रशासन का आवश्यक नियंत्रण व दबाव नजर नहीं आ रहा है।

दूर जाने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे फरियादी
जानकारी के अनुसार, अपनी विभागीय व सहकारिता से जुड़ी समस्याओं को लेकर जब जग्गू सतनामी किसान ग्राम खूटादहरा स्थित कार्यालय पहुंचते हैं, तो वहां संबंधित अधिकारी, विशेषकर एआरसीएस (ARCS) मनीष सर कार्यालय में नहीं मिलते। दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करने या फिर बिना काम हुए मायूस होकर लौटने को मजबूर होना पड़ता है।

फोन पर भी नहीं मिल पा रहा संपर्क
शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि कार्यालय जाने से पहले या मौके पर पहुंचने के बाद जब अधिकारियों से संपर्क करने के लिए फोन लगाया जाता है, तो फोन उठाने में भी आनाकानी की जाती है। इससे आमजन और अधिकारियों के बीच संवादहीनता की स्थिति बन गई है, जिसका सीधा खामियाजा जरूरतमंद लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

नए जिले से थी बड़ी आस, हाथ लगी मायूसी
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि सक्ती को नया जिला बनाए जाने के समय लोगों के मन में यह बड़ी उम्मीद जगी थी कि अब प्रशासनिक कार्यालय नजदीक होंगे और समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा। लेकिन ग्राम खूटादहरा जैसे स्थान पर कार्यालय होने और अधिकारियों के न मिलने से लोगों के हाथ केवल मायूसी ही लग रही है। आमजन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की उपस्थिति की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को भटकना न पड़े।

Related Articles

Back to top button