छत्तीसगढ़सक्तीसामाजिक

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की बैठक सम्पन्न, जनसेवा कार्यों के विस्तार पर हुआ मंथन

    सक्ती / भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा सक्ती की महत्वपूर्ण बैठक 18 मई को जिला कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक विधानसभा क्षेत्र सक्ती डॉ. चरणदास महंत, लोकसभा जांजगीर-चांपा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत मुख्य रूप से शामिल हुए।

            कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि सक्ती जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। साथ ही रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यों को और गति देने तथा हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी उन्होंने दिया। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि शक्ति जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र पहुंचाने पर जोर दिया। वहीं कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि यदि सक्ती जिले में रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से एक व्यवस्थित अस्पताल का संचालन किया जाए तो यह जिले के लिए एक बड़ी और अच्छी पहल होगी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यों को जिले में और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था के मूल उद्देश्यों के अनुरूप कार्यों को गति देते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होगी।

        बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के जिला प्रभारी  के.एस. पैंकरा ने संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसायटी निरंतर जनसेवा, स्वास्थ्य सहायता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से लोगों तक मदद पहुंचाने का कार्य कर रही है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अधिकारी तथा रेड क्रॉस सोसायटी की सचिव डॉ. पूजा अग्रवाल एवं डीपीएम श्रीमती कीर्ति बड़ा ने जिले में अब तक संचालित जनहित एवं सेवा कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, राहत कार्यों एवं सामाजिक सहायता कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। बैठक के दौरान जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए रेड क्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी जिला सक्ती के प्रभारी  के.एस. पैंकरा एवं  राधेश्याम साहू ने निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से सुझाव लिए। इस दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा सक्ती के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने बताया कि राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार जल्द ही नई तिथि निर्धारित कर निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती वासु जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण अधिकारी कर्मचारीगण, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा सक्ती के सदस्य आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button