सक्ती शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या ने अब विकराल रूप ले लिया है। शहर की लगभग हर मुख्य सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों का आवागमन दूभर हो गया है। लोग रोजाना घंटों जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं और कई बार मामूली बातों पर विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर वाय.एन. शर्मा ने इस समस्या के लिए सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जे और दुकानों के सामने ही ट्रक व पिकअप वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग कराने के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पर कार्रवाई करना नगर पालिका का दायित्व है और जब तक नगर पालिका सख्ती नहीं दिखाएगी, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है।
शहर के प्रमुख चौराहों, खासकर अग्रसेन चौक के पास रोजाना जाम की स्थिति देखने को मिलती है। यहां सुबह से लेकर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों का कहना है कि प्रशासन और नगर पालिका की लापरवाही के चलते यह समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग कब जागते हैं और सक्ती नगरवासियों को इस ट्रैफिक जाम की समस्या से आखिर कब निजात मिलती है।
56 1 minute read





