सक्ती / महिला सशक्तिकरण को मजबूत आधार देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की गई महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और आत्मसम्मान का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है। योजना के अंतर्गत विवाहित, परित्यक्ता एवं विधवा महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। इस नियमित आर्थिक सहयोग से महिलाएँ अपनी आवश्यकताओं को स्वयं पूरा करने के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी योजना से सक्ती विकासखंड के ग्राम टेमर निवासी श्रीमती बूंद कुंवर कुम्हार भी लाभान्वित हो रही हैं। बुढ़ापे के इस दौर में उनके लिए महतारी वंदन योजना किसी सहारे से कम नहीं है। श्रीमती बूंद कुंवर कुम्हार ग्राम टेमर में सड़क किनारे मिट्टी के दिए, बर्तन और अन्य आकर्षक मिट्टी से बनी वस्तुएं बेचकर अपना जीवन यापन करती हैं। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। इस राशि का उपयोग वे अपने छोटे व्यवसाय में और घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। इससे उन्हें आर्थिक सहारा मिलने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी मिला है। श्रीमती बूंद कुंवर कुम्हार जैसी अनेक महिलाएँ इस योजना से लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रही हैं और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना बुढ़ापे में मेरे लिए आर्थिक सहारा बनकर आई है, जिससे जीवन यापन करना अब पहले की तुलना में आसान हो गया है।
9 1 minute read





