अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
सक्ती, / कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय उड़नदस्ता आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 08 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने आबकारी वृत्त सक्ती अंतर्गत वार्ड नंबर 5 पुरेन्हापारा, थाना सक्ती में कार्रवाई करते हुए 10 लीटर महुआ मदिरा जब्त की तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान गश्त मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 5 पुरेन्हापारा निवासी विक्की बरेठ, पिता छोटे लाल बरेठ, उम्र 33 वर्ष के रहवासी मकान की रसोई में तलाशी ली गई। इस दौरान दो नग प्लास्टिक पन्नी में भरी कुल 10 लीटर महुआ मदिरा बरामद होने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, सैनिक वीरेंद्र यादव, भीम साहू, आबकारी स्टाफ परसराम, कमलेश एवं बसंती चौधरी उपस्थित रहे।





