छत्तीसगढ़सक्तीसामाजिक

केरीबंधा में 02 से 04 फरवरी तक छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता, जोर-शोर से चल रही तैयारियां—ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा विशाल मंच

सक्ती  ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने और पारंपरिक खेल कबड्डी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सक्ती जिले के ग्राम केरीबंधा में आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह प्रतियोगिता 02 फरवरी 2026 से 04 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर की नामी और उभरती कबड्डी टीमें हिस्सा लेंगी।

यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं सह प्रभारी मध्य प्रदेश तथा प्रदेश मंत्री, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ — श्रीमती विद्या सिदार के मार्गदर्शन एवं पहल पर आयोजित की जा रही है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। उद्घाटन समारोह 02 फरवरी को दोपहर 02 बजे आयोजित होगा, जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं समापन समारोह 04 फरवरी को शाम 05 बजे संपन्न होगा, जिसमें पूर्व राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी — समीर उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

तैयारियां जोर शोर से –

आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ग्राम केरीबंधा स्थित आयोजन स्थल पर मैदान का समतलीकरण, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, खिलाड़ियों के ठहराव एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा स्वयंसेवक दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार घोषित किए गए हैं। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 35,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 15,000 रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 11,000 रुपये रखा गया है। इसके अलावा बेस्ट रेडर, बेस्ट कैचर एवं बेस्ट ऑलराउंडर खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रवेश शुल्क 101 रुपये निर्धारित किया गया है।

खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतरीन मंच: विद्या सिदार

आयोजक श्रीमती विद्या सिदार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना, युवाओं को नशे और गलत दिशा से दूर रखते हुए खेलों की ओर प्रेरित करना तथा कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम केरीबंधा में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।
आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में केरीबंधा पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, खेल भावना एवं नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button