छत्तीसगढ़सक्तीसामाजिक

नंदौर खुर्द में 132 केवी सब स्टेशन स्थापना का रास्ता साफ, पंचायत और ग्रामीणों की सर्वसम्मति से भूमि आवंटन प्रस्ताव पारित

सरपंच धनंजय राठौर बोले – क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

सक्ती  जिले के ग्राम पंचायत नंदौर खुर्द में बहुप्रतीक्षित 132 केवी विद्युत सब स्टेशन की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। ग्राम पंचायत की सामान्य सभा एवं विशेष ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति दे दी गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ग्राम पंचायत भवन नंदौर खुर्द में आयोजित बैठक में सरपंच धनंजय कुमार राठौर की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर विस्तार से चर्चा की। विचार-विमर्श के बाद मेराभांठा स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 323/1 में से लगभग 12 एकड़ भूमि 132 केवी सब स्टेशन स्थापना के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

80 प्रतिशत स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी :-

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी निर्धारित कीं। प्रस्ताव के अनुसार सब स्टेशन में कार्यरत मजदूरों एवं कर्मचारियों में योग्यता के आधार पर 80 प्रतिशत स्थानीय ग्राम पंचायत नंदौर खुर्द के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही भूमि के समतलीकरण एवं गड्ढों की भराई का कार्य पंचायत के माध्यम से कराया जाएगा। इसके अलावा 24 माह के भीतर सब स्टेशन की स्थापना पूर्ण करना अनिवार्य होगा, अन्यथा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र को निरस्त करने का प्रावधान रखा गया है।

बिजली समस्या से मिलेगी राहत :-

ग्रामीणों का मानना है कि 132 केवी सब स्टेशन स्थापित होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने तथा बढ़ते विद्युत भार जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को भी बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

सरपंच धनंजय राठौर का वक्तव्य :-

ग्राम पंचायत नंदौर खुर्द के युवा सरपंच धनंजय कुमार राठौर ने कहा कि “132 केवी सब स्टेशन की स्थापना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे न केवल बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव पारित किया है। हमारी कोशिश है कि परियोजना का लाभ सीधे क्षेत्र की जनता को मिले और विकास की नई संभावनाएं खुलें।” उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा रखी गई शर्तों का उद्देश्य स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा करना और परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना है। पंचायत इस परियोजना की प्रगति पर लगातार निगरानी रखेगी ताकि क्षेत्रवासियों को इसका पूरा लाभ मिल सके। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सर्वसम्मति से लिए गए इस निर्णय को क्षेत्र के विद्युत विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

image editor output image1337292341 17808317990467119252512716438562 kshititech
नन्दौरखुर्द सरपँच ; धनंजय राठौर

Related Articles

Back to top button