अग्रवाल समाज सरसींवा द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती का हुआ भव्य आयोजन एवं शोभायात्रा के साथ हुआ समापन
सरसींवा, अग्रवाल समाज सरसींवा द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में 3 अक्टूबर से प्रारंभ हुए विविध कार्यक्रमों का समापन 11 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में समाज के लोगों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार एवं सेवा की भावना का दिया गया संदेश, आपको बताते चले कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर के समाजसेवी वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री विमल अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्म से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में आध्यात्मिक संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है। आध्यात्म से जुड़ाव बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करता है। आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक ज्ञान एवं पारिवारिक संस्कारों का समन्वय बच्चों को एक अच्छा नागरिक और संस्कारवान व्यक्तित्व बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को श्री विमल अग्रवाल की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने की इस पहल से बच्चों का उत्साहवर्धन हुआ तथा समाज में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक संदेश दिया गया।
अग्रवाल समाज सरसींवा के इस आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता सराहनीय रही। कार्यक्रम की सफलता समाज के सदस्यों के सामूहिक प्रयास, सहयोग और समर्पण का परिणाम है।महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार, सेवा, समानता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना ही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। इस भव्य आयोजन ने समाज में एकजुटता का संदेश देते हुए नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के विचारों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम को सफल बनाने में सरसींवा मारवाड़ी युवा मंच, अग्रवाल महिला व महिला जागृति शाखा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





