छत्तीसगढ़सक्तीसमाजिक

नवरात्रि पर्व और दीपावली से पूर्व सक्ती नगर की प्रमुख प्रतिमाओं का होगा कायाकल्प, पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने शुरू कराया जीर्णोद्धार कार्य,

सक्ती, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने नगर के चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की पहल शुरू कराई है। नवरात्रि एवं दीपावली पर्व से पहले नगर की प्रमुख प्रतिमाओं और उनके आसपास के स्थानों को आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाएं, भारत माता की प्रतिमा, हमर सक्ती सहित स्टेशन नाका चौक, स्वामी आत्मानंद विद्यालय के सामने, गौरव पथ समेत नगर में स्थापित अन्य प्रतिमाओं का भी जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके तहत प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत सहित आसपास के परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने का कार्य किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर की पहचान और गौरव से जुड़ी इन प्रतिमाओं का नियमित रखरखाव आवश्यक है। आगामी नवरात्रि एवं दीपावली पर्व को देखते हुए कार्य को समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान नगर के प्रमुख चौक-चौराहे और प्रतिमा स्थल सुंदर एवं आकर्षक नजर आएं।

पालिका अध्यक्ष की इस पहल से नगर के प्रमुख स्थलों के स्वरूप में बदलाव आने के साथ ही शहीदों, महापुरुषों एवं राष्ट्रभावना से जुड़ी प्रतिमाओं के प्रति सम्मान और गौरव की भावना और भी मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button