छत्तीसगढ़सक्तीसमाजिक

गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियाँ पूर्ण 27 जुलाई को सक्ती से लगभग 4 लाख हस्ताक्षरों सहित सौंपा जाएगा ज्ञापन


सक्ती  गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। आगामी 27 जुलाई 2026 को देशभर के प्रत्येक जिले से संबंधित जिलाधीशों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को करोड़ों नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते छह महीनों से देशभर में संतों, गोसेवकों एवं गोभक्तों के नेतृत्व में व्यापक जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है। अभियान के माध्यम से गोहत्या-निषेध हेतु केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने, केंद्रीय गो-चारा नीति के निर्माण सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी जा रही हैं।

अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देश की लगभग 5,000 तहसीलों से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन सौंपे गए थे। मांगों पर अपेक्षित निर्णय न होने के कारण अब द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को पुनः अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र सरकार को प्रेषित किए जाएंगे। अभियान के अनुसार इस बार देशभर से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर सरकार को सौंपे जाएंगे।

सक्ती जिले से लगभग 4 लाख हस्ताक्षर सौंपे जाएंगे

गो सम्मान आह्वान अभियान, जिला सक्ती के अनुसार जिले से लगभग 400712 हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन संबंधित जिलाधीश के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।

27 जुलाई को निकलेगी भव्य प्रार्थना-यात्रा

जिला प्रभारी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के समस्त गौभक्तों से आग्रह किया गया है कि वे प्रातः 8 बजे अग्रसेन चौक, सक्ती में एकत्रित होंवे,

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे गोमाता पूजन एवं शंखनाद के साथ होगा। इसके पश्चात “श्री राम जय राम जय जय राम” विजय मंत्र का सामूहिक जप किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी श्रद्धालु झंडे, बैनर एवं अभियान संदेशों वाले प्लेकार्ड के साथ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित प्रार्थना-यात्रा के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे।

यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम का स्वरूप, गोमाता की झांकी तथा अभियान के अंतर्गत संकलित हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा। संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा गौभक्तों की उपस्थिति में जिलाधीश के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जनसामान्य से सहभागिता की अपील

गो सम्मान आह्वान अभियान, जिला सक्ती ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।

इस अवसर पर जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, किसान तथा बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहेंगे।

आपका अपना सेवक,
मयंक ठाकुर
जिला प्रभारी, गो सम्मान आह्वान अभियान, सक्ती
मो.: 7974472444

Related Articles

Back to top button