4 फरवरी को समीर उरांव के आतिथ्य में होगा समापन
सक्ती। विकासखंड अंतर्गत ग्राम केरीबंधा में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पारंपरिक खेल संस्कृति और ग्रामीण उत्साह के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन पर आयोजक समिति, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा फूल-मालाओं, बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
उद्घाटन अवसर पर एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने कबड्डी मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ अनुशासन में रहकर प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
कबड्डी जैसा खेल भारतीय संस्कृति की पहचान :-
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल भारतीय संस्कृति की पहचान हैं, जो युवाओं में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक मजबूती भी मिलती है और ऐसे आयोजन युवाओं को नशा, अपराध एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हो रहा आयोजन :-
राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन विद्या सिदार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजक विद्या सिदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना और पारंपरिक खेल कबड्डी को नई पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आई कई मजबूत टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे दर्शकों को रोमांचक और उच्चस्तरीय मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
समापन होगा 4 फरवरी को :-
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन 4 फरवरी को किया जाएगा। समापन समारोह में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं युवा मौजूद रहे। आयोजकों द्वारा खेल मैदान में खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से की गई हैं। राज्य स्तरीय इस कबड्डी प्रतियोगिता से केरीबंधा सहित पूरे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।





