छत्तीसगढ़सक्तीसमाजिक

सक्ती जिले के सकरेलीकला में 24.70 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन भवन का निर्माण पूर्ण,

ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण एवं आत्मनिर्भरता का अवसर,

सक्ती, / सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के विकास एवं आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्रामीण महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी सदन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए आधुनिक सामुदायिक केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, जहां वे प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर, पोषण संबंधी कार्यक्रमों एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग ले सकेंगी। महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां वे सामूहिक रूप से कार्ययोजना तैयार कर अपनी आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
इसी क्रम में सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत सकरेलीकला में विधायक आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 24.70 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से महतारी सदन भवन का निर्माण कराया गया है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सक्ती द्वारा निर्मित इस भवन का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह भवन ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। महतारी सदन भवन में महिलाओं की बैठक एवं प्रशिक्षण के लिए 10×6 वर्ग मीटर का बड़ा हॉल, व्यवसाय स्थापित करने के उद्देश्य से 2.90×3.00 वर्ग मीटर की दुकान, 2.90×3.00 वर्ग मीटर का स्वतंत्र कार्यालय, रसोईघर, सामग्री सुरक्षित रखने के लिए स्टोर रूम तथा सामुदायिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। भवन में आवासीय गतिविधियों के संचालन के लिए भी आवश्यक सुविधाएं रखी गई हैं। इस भवन के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को अपनी कार्ययोजना बनाने, विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सामूहिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। यहां कृषि सखी, बैंक सखी एवं स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
इसके साथ ही महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर एवं पोषण आहार संबंधी कार्यक्रमों के आयोजन हेतु भी उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। महतारी सदन आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं से जोड़ने में भी सहायक होगा। महतारी सदन का उद्देश्य महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर स्वतंत्र रूप से अपने विचार व्यक्त करने, निर्णय लेने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए अवसर प्रदान करना है। यह भवन महिलाओं को समानता, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। साथ ही, प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के लिए गांव में ही रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी। ग्राम पंचायत सकरेलीकला में निर्मित महतारी सदन भवन ग्रामीण महिलाओं की सामूहिक भागीदारी, कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को संगठित होकर कार्य करने, अपनी क्षमताओं को विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

Related Articles

Back to top button