संत गुरु रविदास जी के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का होगा प्रयास : टिकेश्वर सिंह गबेल
सक्ती , भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती के जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा पूरे प्रदेश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। इसके तहत संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जिले के प्रत्येक मंडल एवं गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
श्री गबेल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सक्ती जिले में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो समाज के सभी वर्गों के बीच पहुंचकर सामाजिक एकता, संवेदनशीलता एवं समावेशिता का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि आगामी माघ पूर्णिमा तक यह अभियान निरंतर संचालित होगा और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संत गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा द्वारा आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य संत-महात्माओं की उपस्थिति में संपन्न होगा। इसके बाद 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, संत-महात्माओं एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।
जिलाध्यक्ष श्री गबेल ने कहा कि सक्ती जिले को प्राप्त होने वाला यह पवित्र कलश जिले के सभी मंडलों में श्रद्धापूर्वक भ्रमण करेगा। वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल के माध्यम से संत गुरु रविदास जी के समरसता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
7 1 minute read





