सक्ती गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, राष्ट्र धरोहर का सम्मान प्रदान करने तथा गौ सेवा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर 27 अप्रैल को सक्ती में भव्य शोभायात्रा और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं गौ सेवक मयंक ठाकुर ने नगर पालिका परिषद के सभागृह में आयोजित बैठक में दी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे देश की 5000 से अधिक तहसीलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सक्ती में 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो महामाया मंदिर होते हुए मुख्य मार्ग से तहसील कार्यालय पहुंचेगी। यहां सुबह 11 बजे तहसीलदार के माध्यम से भारत के माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस दौरान हजारों गौ भक्तों द्वारा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से समर्थन भी प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, संत-महात्माओं एवं कथा वाचकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं गौ सेवा समिति के संरक्षक श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि गौ माता के सम्मान में उन्हें राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा और बढ़-चढ़कर इस महाअभियान का हिस्सा बनना होगा।
वहीं सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रमुख आधार हैं। उनके संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए तथा इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता के सम्मान, सुरक्षा और संरक्षण को सुनिश्चित करना है। इसके तहत गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ सेवा के लिए ठोस कानून तथा गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग रखी जाएगी।
बताया गया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि लगभग एक वर्ष तक विभिन्न चरणों में चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ से इसकी शुरुआत करते हुए सभी जिलों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। सक्ती जिले में भी घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में गौ भक्त कड़ी धूप में भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि यह एक जनआंदोलन का रूप ले रहा है और सभी की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।
20 2 minutes read





