स्कूलों में शासकीय योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण कराए – कलेक्टर
एआई से प्रशासनिक कार्य होंगे तेज और पारदर्शी – कलेक्टर
विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से की गई समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश
सक्ती, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जाति प्रमाण पत्र, उल्लास योजना, अपार आईडी एवं आधार एमबीयू से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने प्रत्येक विद्यालय में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने राजस्व अधिकारियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के महत्व एवं उसके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई के माध्यम से राजस्व प्रकरण, मुआवजा सहित विभिन्न शासकीय कार्यों को सरल, तेज और पारदर्शी, व्यवस्थित तरीके से संपादित किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि एआई तकनीक के उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में समय की बचत के साथ-साथ कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है। बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जनगणना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को जागरूक किया जाए, ताकि वे सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचा जा सके। बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन, लोक सेवा गारंटी आदि कार्यो की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, संयुक कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





