JCB से रास्ता बंद करने का आरोप
सक्ती /_डोंगिया सब्जी मंडी में आज 5 फरवरी को तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नाली निर्माण को लेकर गांव के लोगों और सब्जी मंडी व्यवसायियों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस-प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग उठने लगी।
सब्जी मंडी के आलू-प्याज व्यापारियों एवं सब्जी विक्रेताओं का आरोप है कि कुछ माह पूर्व गांव के सरपंच, सचिव एवं पंच सब्जी मंडी पहुंचे थे और दुकानों पर टैक्स लगाने की बात कही थी। इस पर व्यापारियों ने आपत्ति जताते हुए टैक्स देने से साफ इनकार कर दिया था। व्यापारियों का कहना है कि उसी रंजिश के चलते आज गांव के लोग छष्टक्न मशीन लेकर मंडी पहुंचे और रास्ता बंद करने की धमकी देने लगे। व्यवसायियों के अनुसार गांव के लोगों ने कहा कि आलू-प्याज व्यापारियों और सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग-अलग रास्ता नहीं दिया
जाएगा, केवल एक ही रास्ता रहेगा और दूसरे रास्ते को बंद कर वहीं नाली का निर्माण किया जाएगा। इससे मंडी का आवागमन बाधित हो जाएगा और व्यापार पूरी तरह प्रभावित होगा।
सब्जी विक्रेताओं का आरोप है कि यह सब उन्हें जानबूझकर परेशान करने और मंडी की जगह को खाली करवाने की मंशा से किया जा रहा है, ताकि व्यापारी मजबूरी में यहां से हट जाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ असामाजिक तत्व आए दिन मंडी क्षेत्र में दादागीरी करते रहते हैं। व्यापारियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व रात करीब 10 बजे एक ट्रक चालक को जबरन गाड़ी से उतारकर बेरहमी से पीटा गया था, साथ ही ट्रक के सामने का कांच भी तोड़ दिया गया था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। इस घटना को लेकर सब्जी मंडी व्यवसायियों ने प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।





