छत्तीसगढ़सक्ती

कलेक्टर ने किसानों से शीघ्र किसान आईडी कार्ड बनवाने का किया अपील,,,कृषि योजनाओं के लाभ हेतु किसान आईडी कार्ड अनिवार्य

सक्ती, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने किसानों से शीघ्र किसान आईडी कार्ड बनवाने का अपील किया है। भारत सरकार द्वारा जारी एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों के लिए डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनाना अनिवार्य किया जा रहा है। निकट भविष्य में सभी शासकीय कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक होगी। कलेक्टर श्री तोपनो ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसान आईडी निर्माण हेतु जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनवाएं और डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने में सहभागी बनें। डिजिटल किसान आईडी कार्ड के माध्यम से किसानों को फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान एवं कृषि ऋण जैसी महत्वपूर्ण शासकीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में वर्तमान में एग्रीस्टैक पंजीयन हेतु 23,015 सक्रिय कृषक शेष हैं, जिनके लिए आगामी किस्त प्राप्त करने हेतु एग्रीस्टैक फार्मर आईडी का निर्माण अनिवार्य किया गया है। पीएम किसान की आगामी किस्त केवल उन्हीं किसानों को प्राप्त होगी, जिनका ई-केवायसी, लैंड सीडिंग, आधार सीडिंग एवं एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पूर्ण होगा। किसान अपनी डिजिटल किसान आईडी बनवाने के लिए बी-1, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button