सक्ती गर्मी के मौसम में नगर के सभी वार्डों एवं तंग गलियों में आगजनी की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका सक्ती द्वारा अपनी पुरानी टैंकर को मॉडिफाई कर आधुनिक ट्रैक्टर टैंकर युक्त दमकल वाहन तैयार किया गया है। यह महत्वपूर्ण और जनहितकारी निर्णय नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के नेतृत्व में नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
नगर पालिका की पुरानी टैंकर में वंदना इंजीनियरिंग द्वारा आधुनिक अग्निशमन मशीन लगाकर उसे अत्याधुनिक दमकल वाहन के रूप में विकसित किया गया है, जिसकी क्षमता 5 हजार लीटर है। यह ट्रैक्टर दमकल वाहन सकरी गलियों में आसानी से पहुंचने में सक्षम है तथा चार मंजिला इमारतों तक लगी आग पर भी प्रभावी रूप से काबू पा सकता है।
इस आधुनिक दमकल वाहन का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं नगर पालिका अधिकारियों द्वारा विधि-विधान से पूजन कर किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि,
“नगर में कई ऐसे वार्ड हैं जहां तक बड़े फायर ब्रिगेड वाहन नहीं पहुंच पाते, जिससे छोटी आगजनी भी गंभीर हादसे का रूप ले लेती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका की पुरानी टैंकर को मॉडिफाई कर यह आधुनिक दमकल वाहन तैयार कराया गया है, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।”
उन्होंने आगे बताया कि यह पहल नगर की आपातकालीन सेवाओं को सशक्त करने, आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण तथा नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित नगर पालिका के सभी वार्ड पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और नगरहित में किए गए इस प्रयास की सराहना की।
82 1 minute read





