नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने मां अम्बे की आरती कर किया शुभारंभ
सक्ती, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, नया बस स्टैंड के सामने बाराद्वार रोड, सक्ती में 14 अक्टूबर से चैतन्य देवियों की झांकी का शुभारंभ हुआ। झांकी 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुली रहेगी।
झांकी का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल सहित कालू रघुनाथ, राहुल अग्रवाल, शुभम अग्रवाल एवं राजीव ने मां अम्बे की आरती एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख बीके तुलसी बहन ने अतिथियों को झांकी में विराजित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां ज्ञानगंगा एवं मां सरस्वती के चैतन्य स्वरूप के दर्शन कराए। इसके पश्चात सभी को भोग एवं मिष्ठान्न प्रसाद वितरित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने योग कक्ष में परमात्मा शिव का दो मिनट स्मरण कर योग की अनुभूति भी की। आध्यात्मिक वातावरण में सजी चैतन्य देवियों की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस पावन अवसर पर बीके मधु बहन, बीके कांति बहन, बीके शकुंतला, बीके पुष्पलता, बीके विमल भाई, बीके राजेश भाई, बीके राजा भाई, बीके नरेश भाई सहित केंद्र के सहयोगी सदस्य एवं भक्तजन उपस्थित रहे।




