सक्ती, नगर के मौली फिश क्षेत्र में धूप स्टिक कोन से निर्मित अनोखे गणेश पंडाल में विराजित भगवान श्री गणेश श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अपनी कलात्मक प्रतिभा के लिए पहचान बना चुके अमित तंबोली ने करीब 15 दिनों के अथक प्रयास से लगभग 40 किलो धूप स्टिक कोन का उपयोग कर यह अद्भुत एवं आकर्षक गणेश पंडाल तैयार किया है। पंडाल की अनूठी कलाकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
भगवान श्री गणेश के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार के संरक्षक एवं अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने अमित तंबोली की कलाकारी की सराहना करते हुए कहा कि “अद्भुत हुनर के मालिक अमित तंबोली की कलाकारी वाकई प्रशंशनीय है। उनकी क्रिएटिविटी हमेशा लोगों को अचंभित करती है और कुछ नया देखने को मिलता है।”
धूप स्टिक कोन से तैयार पंडाल की आकर्षक बनावट, रंग संयोजन और बारीक कलाकारी श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। पारंपरिक भक्ति के साथ रचनात्मक कला के इस अनूठे संगम को नगर में विशेष रूप से सराहा जा रहा है।
इस अवसर पर अघरिया समाज सक्ती के अध्यक्ष डमरूधर पटेल, उदय मधुकर एवं ओमप्रकाश लहरे, रिंकू निर्मलकर सहित पंडाल के कलाकार अमित तंबोली अपने परिजनों के साथ उपस्थित रहे।
79 1 minute read




