सक्ती जिले में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के हमराह मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैंकरा, थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक लखन लाल पटेल एवं पुलिस स्टाफ द्वारा रेलवे स्टेशन एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, रेलवे यार्ड, साइकिल स्टैंड, होटल, लॉज, प्रतीक्षालय तथा अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। पुलिस टीम द्वारा स्टेशन परिसर एवं आसपास घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई तथा आवश्यकतानुसार उनकी तलाशी भी ली गई।
चेकिंग के दौरान होटल एवं लॉज संचालकों को अपने यहां ठहरने वाले व्यक्तियों का विधिवत पहचान पत्र दर्ज करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए यात्रियों से भी संवाद स्थापित कर उन्हें सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु जागरूक किया गया।
सक्ती पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे। आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।





