
सक्ती सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 25 वर्षीय युवक विवश सिदार को स्पर्श हॉस्पिटल, सक्ती में सफल उपचार एवं जटिल ऑपरेशन के बाद नई जिंदगी मिली है। दुर्घटना के दौरान युवक के दाहिने कूल्हे की एसीटाबुलम (Acetabulum) हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था। यह फ्रैक्चर हड्डी रोग विशेषज्ञों के अनुसार अत्यंत जटिल श्रेणी में आता है और इसके ऑपरेशन के लिए विशेष विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है।
आमतौर पर इस प्रकार के मरीजों को बेहतर उपचार हेतु बड़े शहरों के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में रेफर किया जाता है, लेकिन स्पर्श हॉस्पिटल, सक्ती में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
डॉ. सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि एसीटाबुलर फ्रैक्चर का ऑपरेशन तकनीकी रूप से काफी जटिल होता है। इसके लिए आधुनिक तकनीक, सटीक योजना और विशेष अनुभव की आवश्यकता होती है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है तथा वह तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा है।
सक्ती जैसे छोटे शहर में इस प्रकार के जटिल ऑपरेशन की सफलता क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे स्थानीय लोगों को यह विश्वास मिला है कि अब कई गंभीर एवं जटिल हड्डी रोगों का उपचार स्थानीय स्तर पर भी संभव है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।





