जन_जन के आस्था और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का केंद्र श्री सिद्ध हनुमान मंदिर…अधिवक्ता चितरंजय पटेल
सक्ती नगर में आज प्रभु हनुमान लला के जन्मोत्सव की धूम नजर आ रही थी। नगर के हृदय स्थल में अवस्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर प्रातः महाआरती के साथ ५५१ अखंड ज्योति कलश का प्रज्ज्वलन किया गया। पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ श्रद्धालुओं के द्वारा हनुमान जी का भव्य सिंदूराभिषेक किया गया तो वहीं संध्याकालीन कार्यक्रम में सायं ७.०० बजे संध्या महाआरती तथा श्री सांवरिया म्यूजिकल ग्रुप के द्वारा रंगारंग भजन संध्या के दरमियान प्रस्तुत मधुर भजन से लोग भाव विभोर होकर झूमते रहे।
शाम श्रद्धालुओं ने हनुमान लला के दिव्य दर्शन के साथ सामूहिक भंडारा में भोग प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर पुजारी ओमप्रकाश वैष्णव, अधिवक्ता चितरंजय पटेल, अमित तंबोली, सोनू देवांगन, महेंद्र गबेल, संतोष देवांगन, हुतासन देवांगन, रिंकू निर्मलकर आदि कार्यकर्ताओं के साथ महिला टीम की संध्या ओम वैष्णव, आंचल योगेश देवांगन, सुनीता अमित तंबोली, पुष्पा सोनू निर्मलकर, एकल सोनू देवांगन आदि नारी शक्तियों का भी सामूहिक योगदान रहा। इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बताया कि जन्मोत्सव के मुख्य अतिथि पुजारी देवी प्रसाद वैष्णव के सान्निध्य में हनुमान लला के सेवा की अनवरत लंबी यात्रा आज एक धार्मिक आंदोलन का रूप ले चुका है जहां हर मंगलवार को इक्यावन दीपों की महाआरती हनुमान लला की अर्पित की जाती है साथ ही श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है जिसका प्रसारण हमारे हनुमान यू ट्यूब चैनल के द्वारा व्यापक रूप से किया जा रहा है जिसमें श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार के साथ अंचल वासियों का सामूहिक प्रयास सराहनीय एवं अनुकरणीय है। निश्चित रुप से यह कहना अतिशयोक्ति नहीं है कि श्री सिद्ध हनुमान मंदिर आज अंचल में हर वर्ग के आस्था के साथ सनातन संस्कृति पुनर्जागरण का केंद्र बना हुआ है।





