सक्ती –भारतीय जनता पार्टी मंडल भौथिया की मासिक बैठक मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी श्रीकृष्णकांत चंद्रा तथा मंडल प्रभारी राम नरेश यादव के आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल अध्यक्ष मनहर चंदा के स्वागत भाषण और रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ हुई। बैठक में मुख्य अतिथि श्रीकृष्णकांत चंद्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल को मजबूत करने के लिए मंडल अध्यक्ष को पिछले माह की रिपोर्ट और आगामी कार्ययोजना का विस्तार से खाका तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके पश्चात शक्ति केंद्र की बैठकें आयोजित की जाएं और हर बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को बूथ स्तर पर सुना जाए। उन्होंने कहा कि इन्हीं संगठनात्मक कार्यों के बूते हम पार्टी को और अधिक सशक्त बना सकते हैं। बैठक में मंडल प्रभारी रामनरेश यादव ने विशेष रूप से ‘एसआईआर’ (SIR) के संबंध में कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी और इस पर सक्रियता से काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनहर चंदा, महामंत्री सहित सहकारिता प्रकोष्ठ जिला संयोजक भूषण चंद्रा, टिकेश्वर चंद्रा, डां श्याम चंद्रा, सहित बड़ी संख्या में मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का महामंत्री धनंजय चन्दा ने आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।





